नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में उग्र प्रदर्शन हुए। फिरोजाबाद में प्रदर्शनकारियों ने एक चौकी जला दी। कानपुर और गोरखपुर समेत बाकी शहरों में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। राज्य में 3 हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए हैं। 20 जिलों में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। लखनऊ में गुरुवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ था, लेकिन शुक्रवार को यहां शांति रही। वहीं, दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां से भीम आर्मी भी मार्च निकाल रही है, जो जंतर-मंतर तक जाएगा। पुलिस ने भीम आर्मी को मार्च की इजाजत नहीं दी है। पूर्वोत्तर दिल्ली में सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। 6 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं।
इस बीच गुरुवार को हुई हिंसा के बाद गुजरात में 8 हजार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद है। दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है। केरल के 4 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में भी मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है।